Saraikela : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कोर्रा गांव के समीप बुरूहातू के घने जंगलों और पहाड़ी इलाके में चलाये गये संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी। जंगलों के बीच छिपाकर रखे गये हथियारों की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हथियार किसने छिपाये थे और उनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। कुल छह हथियार बरामद किये गये हैं, इनमें एक 7.62 एमएम SLR, एक 9 एमएम कार्बाइन, एक रिवॉल्वर, तीन .303 राइफल शामिल हैं।
फिर जंगलों में शुरू हुई सघन तलाशी
खबर है कि 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), रांची को बुरूहातू के जंगलों में हथियार छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की। इसके बाद SSB की जाम्ब्रो समवाय टीम ने कुचाई थाना पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। कोर्रा गांव के आसपास के दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों में सघन छानबीन की गई। इसी दौरान सुरक्षा बलों के हाथ हथियारों का जखीरा लगा। बरामद सभी हथियारों को झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया है। अब पुलिस इनके स्रोत, इन्हें छिपाने वालों और संभावित नक्सली कनेक्शन की जांच में जुटी है।






