Patna : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर जीत दर्ज करने के लिये NDA ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में पार्टी के बड़े नेता मैदान में उतर रहे हैं। लेकिन इस चुनावी शोर के बीच विधायक अनंत सिंह की नाराजगी ने सियासी कहानी में नया मोड़ ला दिया है। एक तरफ निशांत कुमार और उमेश कुशवाहा नीरज कुमार के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह खुलकर उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुये हैं। मंगलवार को नवादा के बाद नालंदा में हुई NDA की जनसभा में चुनावी संदेश के साथ कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।
नीरज बोले, ‘बाहुबल नहीं, कार्यकर्ताओं का बल है’
नवादा की चुनावी सभा में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने बिना नाम लिये अनंत सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मेरे पास बाहुबल नहीं है, लेकिन कार्यकर्ताओं का बल और नैतिक बल है। इसी के दम पर हम चुनाव जीतेंगे।” नीरज कुमार के इस बयान को अनंत सिंह की चुनौती के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, अनंत सिंह पहले ही उनके खिलाफ खुलकर बयान दे चुके हैं। इतना ही नहीं, वह जनसुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो भी कर चुके हैं। उन्होंने नीरज कुमार की जमानत जब्त कराने की चुनौती भी दी है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत इन दिनों जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। प्रचार अभियान पर निकलने से पहले उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह जनसभाओं में शामिल हुये, जहां कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। निशांत कुमार ने कहा कि बिहार की जनता ने उनके पिता के हाथों को मजबूत किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि लोग विकास कार्यों के आधार पर मतदान करेंगे। वहीं, स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से NDA उम्मीदवारों के समर्थन की अपील की। वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार करते हुये बिहार के पुराने और मौजूदा दौर की तुलना की। उन्होंने राबड़ी देवी के शासनकाल पर निशाना साधते हुये कहा कि पहले बिहार में चरवाहा विद्यालय की चर्चा होती थी, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिला है।उन्होंने दावा किया कि बिहार अब कंप्यूटर शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ा है और NDA सरकार राज्य के विकास के लिये काम कर रही है।









