Kohramlive : क्रिकेट की दुनिया आज भावनाओं से भीगी हुई है, जहां कभी मैदान पर बल्ले और गेंद से इतिहास लिखने वाले कप्तान, अब एक घायल लीडर की सेहत के लिये कलम उठा रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप के नायक इमरान खान को लेकर वैश्विक क्रिकेट जगत की चिंता अब खुलकर सामने आ गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 14 पूर्व कप्तानों ने संयुक्त पत्र लिखकर पाकिस्तान सरकार से इमरान खान को तत्काल बेहतर इलाज देने की मांग की है। खास बात यह है कि इस सूची में एक भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शामिल नहीं है। भारत के महान दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव भी इस मानवीय अपील में शामिल हैं। इस भावुक पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरले, डेविड गावर, किम ह्यूज, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पत्र में इमरान खान को विश्व क्रिकेट का महान ऑलराउंडर और प्रेरणादायक कप्तान बताया गया। कहा गया कि उनकी हिरासत और स्वास्थ्य को लेकर हालिया रिपोर्ट्स बेहद चिंताजनक हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की गई है कि “उन्हें तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से उचित इलाज दिलाया जाये और हिरासत की स्थिति मानवीय और गरिमापूर्ण हो।”
सेहत पर मंडराता अंधेरा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान की दाहिनी आंख की 85% रोशनी जा चुकी है। परिवार का इल्जाम है कि जेल में मुलाकात की भी इजाजत नहीं। अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान खान को दिसंबर 2025 में 31 साल की सजा सुनाई गई। बेटे ने खुलासा किया कि “उन्हें एक छोटी ‘डेथ सेल’ जैसी कोठरी में रखा गया है।” हालांकि सोशल मीडिया पर वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी ने बेहतर इलाज की मांग उठाई, लेकिन इस औपचारिक याचिका में किसी भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान के हस्ताक्षर नहीं है। यह सन्नाटा भी बहुत कुछ कह रहा है। पत्र के अंत में एक मार्मिक पंक्ति लिखी गई, “क्रिकेट देशों के बीच सेतु रहा है, प्रतिद्वंद्विता पिच तक रहती है, सम्मान हमेशा कायम रहता है।”





