Palamu : डाल्टनगंज–चैनपुर इलाके में लगातार हो रही चोरी और गृहभेदन की घटनाओं का पलामू पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में सोने–चांदी के जेवरात और चोरी के औजार बरामद किये गये हैं। SP रिश्मा रमेशन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 12 जनवरी की रात छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने डाल्टनगंज, चैनपुर, गढ़या, गढ़वा और यूपी के कुछ इलाकों में बंद घरों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर कई चोरी के गहने बरामद हुये। गिरफ्तार लोगों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और कुल 14 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।








