Bihar : बिहार बंद के दौरान सिवान में हुये बवाल और AK-47 से हवाई फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सिपाही अभिषेक कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। SP पूरन कुमार झा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुये कहा कि मामले की विभागीय जांच होगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे का फैसला लिया जायेगा।
गौरतलब है कि बीते 25 जुलाई को जेपी चौक पर प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गये थे। पुलिस का दावा है कि उपद्रवियों ने पथराव, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमला किया, जिसमें कई जवान घायल हुये। पहले आंसू गैस के गोले छोड़े गये, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसके बाद सिपाही अभिषेक कुमार ने AK-47 से हवा में चार राउंड फायरिंग की, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
वहीं, मुफस्सिल थाना में दर्ज FIR में पुलिस ने दावा किया है कि भीड़ की ओर से भी 20–25 फीट की दूरी से पुलिस पर फायरिंग की गई। आत्मरक्षा में ASI निलेश कुमार सिंह ने भी अपनी सरकारी पिस्टल से दो राउंड हवाई फायरिंग की। फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू हो गई है।






