Ranchi : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। रांची, खूंटी, गुमला और लोहरदगा में सोमवार को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। 28 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। 29 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।
इस बार कम बारिश
1 जून से 26 जुलाई तक झारखंड में 325 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य 455.9 मिमी होनी चाहियें थी। यानी राज्य में अब तक 29% कम वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और साहिबगंज ही ऐसे जिले हैं, जहां बारिश सामान्य श्रेणी में है। चतरा (64%), गढ़वा (64%) और पाकुड़ (60%) में वर्षा की भारी कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में सूखे जैसे हालात बने हुये हैं, जिसका असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है।






