UP : उत्तर प्रदेश के गोंडा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महज सात साल के बच्चे ने जम्मू जाने से मना करने पर अपने दिव्यांग पिता पर गड़ासे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। रविवार दोपहर पिता खेत में आम के पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे। इसी दौरान बच्चा घर से गड़ासा लेकर पहुंचा और ताबड़तोड़ वार कर दिये। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े, बच्चे के हाथ से गड़ासा छीना और घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के मुताबिक, बच्चे के चाचा-चाची जम्मू में मजदूरी करते हैं। बच्चा उनके साथ जाने की जिद कर रहा था, लेकिन पिता ने उसे मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि चार साल पहले बच्चे की मां घर छोड़कर चली गई थी। तब से पिता ही दोनों बेटों की परवरिश कर रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि एक छोटी-सी जिद इतना भयावह रूप ले लेगी। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
इस घटना पर मेडिकल कॉलेज की मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नूपुर पाल का कहना है कि बच्चों के व्यवहार में अचानक आने वाले बदलाव, गुस्सा, जिद और आक्रामकता को हल्के में नहीं लेना चाहिये। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सामने हिंसक माहौल से बचने और मोबाइल व ऑनलाइन कंटेंट पर निगरानी रखने की अपील की है।






