Kohramlive : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। उत्तर-पूर्वी इलाके के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस खौफनाक हमले में शूटर समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई है।
स्कूल में मची चीख-पुकार, 6 शव अंदर मिले
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के स्टाफ सार्जेंट क्रिस क्लार्क ने पुष्टि की कि पीस इलाके के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में फायरिंग की घटना हुई। शुरुआती जांच में स्कूल के अंदर छह लोगों के शव मिले। बताया जा रहा है कि अचानक चली गोलियों से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और हर तरफ चीख-पुकार गूंजने लगी। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, दो और लोगों के शव एक घर से बरामद हुये हैं। पुलिस को शक है कि इस घर का इस पूरे घटनाक्रम से संबंध हो सकता है। एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं, संदिग्ध शूटर को भी पुलिस ने मौके पर ही मार गिराया।
25 लोग घायल, मेडिकल सेंटर में अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, एक स्थानीय मेडिकल सेंटर में करीब 25 लोगों की चोटों की जांच की जा रही है। इनमें कई लोग सदमे में हैं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जायेगी।














