Ranchi : दिवाली की रोशनी के बीच इस बार पटाखों का शोर जेब पर भारी पड़ रहा है। रांची में पिछले साल के मुकाबले पटाखों की कीमतों में 25 से 30 रुपये तक बढ़ोतरी हुई है। बाजार में करीब 500 तरह के पटाखे उपलब्ध हैं, लेकिन ग्राहकों का रुझान हर जगह एक जैसा नहीं है। कहीं खरीदारी शुरू हो गयी है, तो कहीं दुकानदार ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। महावीर फायर वर्क के संचालक के मुताबिक, इस बार बाजार में स्काई शॉट 350 से 700 रुपये तक बिक रहे हैं। टॉक्सिक शॉट की कीमत करीब 900 रुपये है। वहीं चकरी 160 रुपये, मुर्गा छाप 100 रुपये और 10 पीस चॉकलेट बम 250 रुपये में मिल रहे हैं। 10 पीस छुरछुरिया की कीमत 150 रुपये है, जबकि लंबी छुरछुरिया के पांच पीस 350 रुपये तक में बिक रहे हैं।
ग्रीन पटाखों की भी कई वैरायटी
बाजार में बटरफ्लाई, अनार, चकरी, फूलझड़ी और टॉर्च समेत कई तरह के ग्रीन पटाखे भी उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों के बीच ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ भी है। दूसरी ओर, मोरहाबादी के पटाखा बाजार में इस बार रौनक कम है। दुकानदारों के मुताबिक, 29 अक्टूबर से दुकानें सजी हैं, लेकिन ग्राहकों की संख्या उम्मीद से काफी कम है। पहले जहां खरीदारी के लिए लाइनें लगती थी, वहीं इस बार कारोबार करीब 50 प्रतिशत तक सिमट गया है। मोरहाबादी मैदान में करीब 13 दुकानें लगी हैं, लेकिन पटाखों और आतिशबाजी के प्रति लोगों का उत्साह अब तक पिछले वर्षों जैसा नहीं दिख रहा है।








