Garhwa(Nityanand Dubey) : गर्मी के दिनों में आग लगने की घटनाओं में तेजी आने की संभावना बनी रहती है, ऐसे में गढ़वा का अग्निशमन विभाग स्टाफ की भारी कमी से परेशान है। गढ़वा में पांच दमकल गाड़ियां तो हैं, लेकिन उन्हें चलाने के लिये महज तीन ही चालक उपलब्ध हैं। शहर के कल्याणपुर स्थित जिला कार्यालय में चार गाड़ियां खड़ी हैं, लेकिन केवल दो चालकों के सहारे पूरे जिले की आग से लड़ाई लड़ी जा रही है।
अग्निशमन प्रभारी मंटू सिंह ने बताया कि विभाग को पानी की भी किल्लत झेलनी पड़ रही है। गर्मी में जलस्तर नीचे चला जाता है, जिससे बोरिंग से पानी मिलना मुश्किल हो जाता है। यदि एक साथ दो जगहों पर आग लग जाये, तो हालात संभालना चुनौती बन जाता है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी स्थिति में विभाग का काम प्रभावित नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर वे खुद भी दमकल चलाने को तैयार हैं। मगर स्टाफ की कमी और संसाधनों की दिक्कत को देखते हुये आपातकालीन स्थितियों के लिये जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है।






