Bihar : बिहार सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को त्योहार से पहले बड़ी राहत दी है। फरवरी महीने का वेतन होली से पहले जारी किया जायेगा। यह घोषणा वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में की। विपक्ष, खासकर तेजस्वी यादव लगातार सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगा रहे थे। कहा जा रहा था कि कर्मचारियों के वेतन तक के पैसे नहीं बचेंगे। ऐसे में वित्त मंत्री ने सदन में साफ किया कि राज्य की वित्तीय स्थिति संतुलित है, वेतन भुगतान में कोई दिक्कत नहीं होगी। घोषणा के बाद सरकारी दफ्तरों में राहत की लहर है। कर्मचारी संगठनों ने फैसले का स्वागत किया है।
बाजार में बढ़ेगी रौनक
आर्थिक जानकारों का मानना है कि समय पर वेतन मिलने से बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ेगा। होली से पहले कपड़ा, मिठाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की बिक्री में उछाल आ सकता है। स्थानीय कारोबारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि कोषागार स्तर पर सभी तैयारियां पूरी हैं और भुगतान में कोई देरी नहीं होगी।














