Kohramlive : बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के ऐलान ने म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। उनके इस फैसले से करोड़ों फैंस के साथ-साथ दिग्गज पार्श्व गायक कुमार सानू भी बेहद निराश नजर आये। न्यू ईयर पर किये गये अपने पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा कि वे अब प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर हो रहे हैं और उनका यह सफर यहीं खत्म होता है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और लाखों फैंस एक ही सवाल पूछते दिखे— आखिर क्यों?
अरिजीत के फैसले पर कुमार सानू ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुये लिखा, “आपकी आवाज लाखों में एक है। यह सुनकर बहुत दुख हुआ। आपने कम उम्र में बहुत बड़ा फैसला लिया है, भगवान आपको आशीर्वाद दे।” वहीं गायिका श्रेया घोषाल ने इसे अंत नहीं बल्कि नये दौर की शुरुआत बताया और लिखा कि अरिजीत जैसे कलाकार को किसी एक फॉर्मूले में नहीं बांधा जा सकता। अरिजीत के पोस्ट पर आशिष चंचलानी, बादशाह, अरमान मलिक, यशराज मुखाटे, राजा कुमारी, ऋचा चड्ढा, सिद्धांत कपूर समेत कई सितारों ने प्रतिक्रिया दी है। उनके रिटायरमेंट पोस्ट को अब तक 2.2 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।








