Ramgarh : रामगढ़ के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित सीमेंट एंड इस्पात पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात हुआ भीषण धमाका तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ गया। टरबाइन ब्लास्ट के बाद लगी आग में 3 इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का विरोध करीब 28 घंटे तक चला। CEO, विधायक रोशन लाल चौधरी और परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद देर रात समझौता हुआ। प्रबंधन ने प्रत्येक मृत इंजीनियर के परिवार को 31 लाख रुपये देने पर सहमति दी। मौके पर 30 लाख का चेक और 1 लाख रुपये अंतिम संस्कार के लिए सौंपे गये।
कैसे हुआ हादसा…
यहां याद दिला दें कि बीते शुक्रवार की देर रात नाइट शिफ्ट में चार इंजीनियर कंट्रोल रूम में ड्यूटी कर रहे थे। तभी टरबाइन में जोरदार विस्फोट हुआ और पूरा केबिन आग की लपटों में घिर गया। चारों इंजीनियर बुरी तरह झुलस गये। रांची ले जाने पर तीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में टरबाइन ओवरहीटिंग और पैनल सिस्टम फेल होने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों का दावा है कि कंट्रोल रूम का एसी कई दिनों से खराब था और इसकी शिकायत प्रबंधन से की गई थी। हादसे के बाद बिजली आपूर्ति बंद होने से डीप फ्रीजर नहीं चल सके। मजबूरन परिजनों ने शवों को एंबुलेंस में एसी चलाकर सुरक्षित रखा। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।








