Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के टाउन हॉल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में DC पशुपति नाथ मिश्रा ने राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने आवासीय कार्यालय और समाहरणालय परिसर में भी ध्वजारोहण किया। मुख्य समारोह को संबोधित करते हुये DC ने कहा कि आजादी अनगिनत वीरों के संघर्ष और बलिदान की देन है। उन्होंने 1857 की क्रांति से लेकर भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान तक स्वतंत्रता संग्राम में गढ़वा और यहां के वीर सपूतों की भूमिका को याद किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुये कहा कि उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी बातों में इतिहास की वह तस्वीर भी थी, जिसमें देश की आजादी के लिये किसी ने अपना घर छोड़ा तो किसी ने अपनी जिंदगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि आजादी केवल अधिकार पाने का नाम नहीं, बल्कि उसकी रक्षा करना भी हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।वहीं, परेड, प्रभात फेरी और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों व कर्मियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। DC ने जिले के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से गढ़वा लगातार विकास के अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, बिजली, सिंचाई और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिये कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जिले में चल रही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। समारोह में जिला और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।








