Kohramlive : PM नरेंद्र मोदी ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि 21 वीं सदी में दुनिया में जब चिप के क्षेत्र में कहीं मंदी आती है तो आप भारत पर भरोसा कर सकते हैं। आप सही समय पर सही जगह पर हैं। PM मोदी ने कहा कि इसी साल लाल किले से कहा था कि मेरा सपना है कि दुनिया की हर डिवाइस में इंडियन मेड चिप हो। सेमीकंडक्टर पावर हाउस बनने के लिये जो भी जरूरी होगा वह सब करने वाला है। क्रिटिकल मिनरल मिशन की घोषणा करते हुये कहा कि क्रिटिकल मिनरल को कस्टम ड्यूटी से छूट हो, ब्लाक्स की माइनिंग की ऑक्शन हो, इस पर तेजी से काम हो रहा है। PM मोदी ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में सेमीकॉन इंडिया 2024 का उद्घाटन करते हुये उक्त बातें कही।
PM मोदी ने कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस में सेमी कंडक्टर रिसर्च सेंटर बनाने के लिये भी हम काम कर रहे हैं। हम IIT के साथ साझेदारी कर रहे हैं। जिससे हमारे तकनीशियन न सिर्फ वर्तमान के लिए चिप बनायें, बल्कि अगली पीढ़ी के लिए भी चिप्स तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि 85 हजार तकनीशियनों, इंजीनियरों और रिसर्च करने वालों की वर्क फोर्स तैयार कर रहे हैं। भारत का फोकस अपने छात्रों और पेश्वरों को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री रेडी बनाने पर है।
PM मोदी ने कहा कि राज्य सरकारें भी अपने स्तर पर मदद कर रही हैं। इन्हीं नीतियों के कारण ही कम समय में 1.5 ट्रिलियन रुपये से ज्यादा के निवेश इस क्षेत्र में हो चुके हैं। आज कई प्रोजेक्ट पाइप लाइन में हैं। सेमीकॉन इंडिया आयोजन के तहत डिस्पले फैब्स, फ्रंट एंड फैब्स, सेंसर, कंपाउंड सेमीकंडक्टर, सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और डिस्प्ले मैन्यूफैक्चरिंग के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। भारत में 360 डिग्री एप्रोच के साथ काम हो रहा है।














