Dhanbad : धनबाद रेल मंडल में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुये वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) संजीव कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। बीती शाम को शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक चलती रही। CBI की टीम DRM कार्यालय पहुंची, जहां कई घंटों तक पूछताछ और तलाशी के बाद आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि संवेदक अवजित कुमार झा ने CBI से शिकायत की थी। इल्जाम था कि रेल मंडल में लिफ्ट और एसी लगाने का काम करने के बाद भी करीब 24 लाख रुपये का भुगतान अटका हुआ था, जिसे पास कराने के लिए रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की जांच के बाद CBI ने ट्रैप बिछाया और DRM कार्यालय में ही संजीव कुमार को 50 हजार रुपये लेते हुये दबोच लिया। जैसे ही कार्यालय में CBI रेड की खबर फैली, DRM ऑफिस में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी बाहर निकलते दिखे। CBI DSP ने बताया कि रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
इसे भी पढ़ें : कांटाटोली में खुला “आधार” का नया दरवाजा, अब पहचान बनवाना और भी आसान…












