Bihar : आज बिहार की मिट्टी ने इतिहास का वह पल देखा, जब PM नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का उद्घाटन किया। इस मंच पर CM नीतीश कुमार, डिप्टी CM सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। PM मोदी ने 105 करोड़ रुपये की राशि सीधे जीविका निधि में स्थानांतरित की। CM नीतीश कुमार ने घोषणा की कि राज्य सरकार इस योजना के लिये 1000 करोड़ रुपये दे रही है। इसका सीधा लाभ गांव-गांव की जीविका दीदीयों को मिलेगा। मोदी ने कहा, “आज मंगलवार का दिन सचमुच मंगलकारी है। बिहार की माताओं-बहनों को अब जीविका निधि के रूप में एक नई सुविधा मिल रही है। यह पूरा सिस्टम डिजिटल है, और इससे बहनों की आर्थिक स्वतंत्रता का नया दौर शुरू होगा।” PM मोदी ने याद दिलाया कि करोड़ों शौचालय बनाये गये, ताकि बहनों को मजबूरी से मुक्ति मिले। PM आवास योजना के तहत घर महिलाओं के नाम पर दिये गये। मुफ्त राशन योजना ने हर मां की चिंता कम की। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी जैसी योजनायें अब महिलाओं की आर्थिक पहचान बन रही हैं। PM मोदी बोले, “विकसित भारत की बुनियाद हैं सशक्त महिलायें। उन्होंने कहा,“जल्द ही नवरात्र का पावन पर्व आने वाला है। पूरे देश में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होगी, लेकिन बिहार और पुरबिया इलाकों में ‘सतबहिनी’ की पूजा की परंपरा अनोखी पहचान है। यह मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण है।”
मां को अपमानित करने पर पीड़ा
अपने संबोधन में PM नरेंद्र मोदी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, “राजद-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। यह सिर्फ मेरी मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां-बहन-बेटी का अपमान है। मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं हैं, राजनीति से उनका कोई लेना-देना नहीं था। फिर भी उन्हें भद्दी बातें कही गईं। यह पीड़ा केवल मेरी नहीं, बल्कि बिहार की मिट्टी का दर्द है।” मोदी ने जनता से कहा, “मैंने हर पल सिर्फ देश के लिये मेहनत की है। मां भारती की सेवा मेरा धर्म है। मेरी मां ने मुझे आशीर्वाद देकर इस पथ पर भेजा था। आज आपके आशीर्वाद से ही मैं इस अपमान को सह पाऊंगा।”






