Kohramlive : गोमिया थाना क्षेत्र में ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बोकारो–रामगढ़ सीमा से सटे कांडर गांव के पास सिमराबेड़ा महतो टोला में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान रामगढ़ के मुरुमतला निवासी रविंद्र डांगी के रूप में हुई है। रविंद्र पेशे से सब्जी विक्रेता था और रोजी-रोटी के लिये अपनी मारुति ओमनी कार से आ-जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही रविंद्र की गाड़ी सिमराबेड़ा के पास पहुंची, सड़क पर तीन से पांच जंगली हाथियों का झुंड अचानक आ गया। हाथियों ने गाड़ी को घेर लिया। बताया जा रहा है कि उस वक्त कार की हेडलाइट बंद थी। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, हाथियों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और पास के खेत में पटक-पटक कर कुचल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों की मौजूदगी की सूचना पहले से थी, बावजूद इसके यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल है। लोग रात में घर से निकलने से भी कतरा रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। DFO संदीप शिंदे ने मीडिया को बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि हाथी गलियारों और वन क्षेत्र से सटे इलाकों में रात के समय आवाजाही से बचें।
![]()












