New Delhi : भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने बिहार विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनावों के लिये केंद्रीय प्रेक्षकों की ब्रीफिंग की। बैठक में 287 IAS, 58 IPS और 80 अन्य सेवाओं के अधिकारी सहित कुल 425 केंद्रीय प्रेक्षक शामिल हुये। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने केंद्रीय प्रेक्षकों को संबोधित करते हुये कहा कि वे लोकतंत्र के प्रकाशस्तंभ हैं। उन्होंने प्रेक्षकों को सभी चुनाव कानूनों, नियमों और दिशानिर्देशों से परिचित होने, जमीनी स्तर पर निष्पक्ष निगरानी करने और राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों तथा मतदाताओं की शिकायतों के निवारण में सक्रिय रहने के लिये निर्देशित किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कई अहम निर्देश दिये, मसलन, मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करना। चुनाव प्रक्रिया के निष्पक्ष और कुशल प्रबंधन में आयोग की मदद करना एवं आयोग द्वारा लागू की गई नई पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन की निगरानी करना। उन्होंने कहा कि ECI की संवैधानिक शक्तियों के तहत केंद्रीय प्रेक्षक जमीनी स्तर पर चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करते हैं और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।










