Bihar : बिहार के मोतिहारी में रविवार तड़के NIA ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब साढ़े चार बजे एजेंसी की टीम चकिया थाना क्षेत्र के कोयला बेलवा गांव पहुंची और दिवंगत नारायण पाठक के घर को चारों तरफ से घेर लिया। छापेमारी साइबर फ्रॉड, फेक करेंसी और हवाला नेटवर्क की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। मौके पर NIA के साथ चकिया SSP संतोष सिंह, कई थाना क्षेत्रों की पुलिस और सर्किल इंस्पेक्टर मौजूद रहे। टीम ने घर के एक कमरे में परिवार से पूछताछ भी की। सूत्रों के मुताबिक, नारायण पाठक की बेटी प्रियंका, जिसकी 2018 में मौत हो गई थी, उसके बैंक खाते से बाद में भी करोड़ों का लेनदेन होता रहा। इसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन ने एजेंसी को पूरे मामले पर शक की ओर खड़ा किया। जांच का फोकस प्रियंका के पति धीरज तिवारी पर था। नेपाल का निवासी, दुबई में नौकरी और भारत-नेपाल की दोहरी नागरिकता। बताया जा रहा है कि धीरज पिछले एक हफ्ते से अपने ससुराल में ही छिपा हुआ था। NIA के पहुंचते ही उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एजेंसी बैंक ट्रांजैक्शन्स और कथित हवाला नेटवर्क के तार खंगाल रही है। मामले में आगे और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।














