Ranchi : राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में रविवार रात दो युवकों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव बालसिरिंग स्थित पुल के पास पड़े मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को शक है कि हत्या किसी दूसरी जगह पर कर शवों को यहां फेंका गया है।
पहचान बनी पहेली, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुये हटिया DSP प्रमोद मिश्रा खुद मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक न तो आसपास के लगते हैं, न ही पहले कभी उन्हें देखा गया था। पुलिस ने पहचान कराने के मकसद से दोनों की फोटो सभी थानों को भेज दी है।
सुनसान इलाका बना वारदात का अड्डा
जहां से शव बरामद किये गये, वह इलाका बेहद सुनसान है। ग्रामीणों के मुताबिक वहां दिन में भी बहुत कम लोग गुजरते हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगालने की तैयारी में है।
हत्या के पीछे कारण क्या?
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।








