Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के SDO संजय कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विधि-व्यवस्था को लेकर अनुमंडल स्तरीय बैठक हुई। बैठक में ईद, रामनवमी, सरहुल और चैती छठ को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। SDO ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया कि शांति भंग करने वालों को पहले ही चिह्नित कर उनके खिलाफ धारा 126 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाइकर्स गैंग, नशे में वाहन चलाने वालों और दो से अधिक सवारियों वाले दोपहिया वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाये।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
SDO संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि DJ पर न्यायालय द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सभी थानेदार DJ संचालकों को इस आदेश की जानकारी दें और उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई करें। नगर निकायों को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों की सफाई, जल छिड़काव और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। वहीं, पूजा मार्गों पर स्थित अवैध मांस-मछली की दुकानों को तुरंत हटाने का अभियान चलाया जाये।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
प्रशासन ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों, विवादित पोस्ट करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पेज के एडमिन पर कड़ी कार्रवाई होगी। चिन्हित यूट्यूब चैनलों पर भी निगरानी रखी जायेगी। इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, सभी अंचल अधिकारी, प्रशिक्षु डीएसपी, नगर निकाय प्रशासक, फूड सेफ्टी ऑफिसर, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।








