Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के सभागार में DC दिनेश कुमार यादव ने योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। मीटिंग का एक संकल्प था, जनजातीय समाज के चिर प्रतीक्षित सपनों को साकार करने का। DC ने कहा “अब हर गांव में विकास पहुंचेगा, हर घर तक अधिकार पहुंचेगा।” धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) और प्रधानमंत्री जनजातीय अधिवासी न्याय महाअभियान (PM-Janman) इन दोनों योजनाओं का लक्ष्य है कि जनजातीय समाज के हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। गढ़वा के 15 प्रखंडों के 113 ग्रामों में रहने वाले 96,724 जनजातीय नागरिकों तक प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट, आधार कार्ड, स्कॉलरशिप, स्किल डेवेलपमेंट, ट्राइबल मार्केट, वन अधिकार पट्टा जैसी 25 से अधिक योजनाओं को सैचुरेशन मोड में पहुंचाना है।
जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश ने कहा, “यह सिर्फ योजना नहीं, जनजातीय सम्मान का महायज्ञ है।” बैठक में निर्देश दिए गये कि सभी विभाग ग्रामसभा से प्राप्त प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही करें। जमीन की आवश्यकता वाले निर्माण कार्यों में अंचलाधिकारी भूमि प्रतिवेदन शीघ्र भेजें। गति शक्ति पोर्टल पर डेटा एंट्री का कार्य तेजी से हो। हर माह की शुरुआत में समीक्षा बैठक अनिवार्य हो। नोडल पदाधिकारी के रूप में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। वहीं, प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, साइकिल वितरण और कंबल वितरण जैसी कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की गई। राजस्व संग्रहण पर विशेष बल देते हुये DC ने कहा, “राजस्व ही विकास की रीढ़ है, इसे पूरी ताकत से मजबूत करें।” बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, समाज कल्याण पदाधिकारी अल्पना कुमारी, पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेन्द्र कुशवाहा,विद्युत, शिक्षा, पशुपालन, आपूर्ति, मत्स्य, सूचना एवं विज्ञान विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे।






