Ranchi : झारखंड के DGP अनुराग गुप्ता ने आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर 2 जुलाई 2025 को पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के सीनियर पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में DGP ने निर्देश दिये कि संभावित संवेदनशील इलाकों में निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन हो और वहां बलों की पर्याप्त तैनाती की जाये। दंगारोधी उपकरण, बॉडी प्रोटेक्टर और एंटी-रायट ड्रिल की पूरी तैयारी हो। हर जिले में शांति समिति की बैठकें आयोजित हों और जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखा जाये।
सोशल मीडिया पर सख्त नजर
DGP ने अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर त्वरित कार्रवाई और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश दिये। साथ ही, भड़काऊ संगीत और डीजे साउंड पर पूरी तरह से रोक लगाने को कहा।
सुरक्षा के साथ सुविधाओं का भी ख्याल
जुलूस मार्गों पर CCTV, ड्रोन निगरानी, लाइट व्यवस्था, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम और आपातकालीन चिकित्सा टीमों की व्यवस्था अनिवार्य करने के निर्देश दिये गये। बैठक में मुख्यालय, रांची, विशेष शाखा, अभियान शाखा के आला अधिकारी और सभी जिलों के एसएसपी/एसपी शामिल हुये।












