Ormanjhi(Kuldeep/Amitabh) : राजधानी रांची से सटे ओरमांझी में मंगलवार को मंगला जुलूस निकाला गया। ओरमांझी के हर गली, हर चौक पर श्रद्धा और भक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि मानो त्रेता युग सजीव हो उठा हो। ओरमांझी पूजा समिति द्वारा निकाले गये भव्य मंगलवारी जुलूस में जय श्रीराम और हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। हनुमान के रूप में नन्हे बालक को देख झूम उठे श्रद्धालु, वहीं, राम-लक्ष्मण-जानकी के स्वरूप ने सबका मन मोह लिया। शाम को जैसे ही दुर्गा महादेव मंदिर से जुलूस निकला, गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्त झूम उठे। जय श्रीराम के नारों के बीच जब राम-लक्ष्मण-जानकी और बजरंगबली का रूप धारण किये नन्हे बच्चे सामने आये, तो लोग अभिभूत हो गये। हनुमान बने नन्हे बालक जब गदा उठाये आगे बढ़े, तो मानो पूरा वातावरण ऊर्जा से भर गया।
मंगला जुलूस पर झूम उठे भक्त… देखें वीडियो #Ranchi #Ormanjhi #Manglajulus #JharkhandUpdate pic.twitter.com/OPbLYjs1aP
— KohramLive (@KohramLive) March 25, 2025
तलवारबाजी और लाठी खेल का अद्भुत नजारा
जुलूस में शामिल युवाओं ने पारंपरिक तलवारबाजी और लाठी खेल का ऐसा प्रदर्शन किया कि देखने वाले दंग रह गये। झुंड बनाकर घुमाई गई लाठियों और हवा में चमकती तलवारों ने माहौल में अद्भुत जोश भर दिया। हर किसी की आंखें भक्तिभाव से चमक रही थीं, मानो मर्यादा पुरुषोत्तम राम के समय की गाथा फिर से जीवंत हो उठी हो। शोभायात्रा दुर्गा महादेव मंदिर से शुरू होकर शंकर चौक, काली मंदिर, बाजार टांड़ होते हुये पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और राम भक्त हनुमान के जयकारे लगाये। रामनवमी की इस मंगलवारी शोभायात्रा ने ओरमांझी के लोगों के दिलों में भक्ति और श्रद्धा की नई ज्योत जला दी। अब पूरा इलाका राममय हो चुका है, और हर कोई भाव-विभोर होकर एक ही बात कह रहा है—”जय श्रीराम! बजरंगबली की जय।”
आयोजन में समिति की अहम भूमिका
इस आयोजन की सफलता में पूजा समिति के अध्यक्ष रामकुमार महतो, सचिव दीपक बड़ाईक, कोषाध्यक्ष दुर्गाशंकर साहू, दिलीप मेहता, राजेश गुप्ता, शशि मेहता, संतोष कुशवाहा, सतीश बड़ाईक, आनंद महतो, सुरेश मेहता, रूपेश साहू, दिनदयाल लोहार, कुंदन साहू, नीरज पांडेय, नीरज सोनी, मनोज महतो, पवन साहू, छोटू कुमार, सुंदर नायक सहित सैकड़ों ग्रामीणों का खास योगदान रहा।












