Ranchi : झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को राज्यभर में विकास और जनकल्याण की तस्वीर देखने को मिली। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक कहीं गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हुआ, तो कहीं किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य शिविर, महिला सशक्तिकरण, खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक आयोजन और स्वच्छता अभियान के जरिये जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण आजीविका, सामाजिक जागरूकता और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देना रहा।
गृह प्रवेश से परिवारों के सपनों को मिला आशियाना
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार को 76 परिवारों ने अपने नये घर में प्रवेश किया। यहां 17 से 23 नवंबर तक कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। वहीं, कोडरमा में 41 और गोड्डा में 29 परिवारों को नये आवास की सौगात मिली। अन्य जिलों में भी लाभुकों के चेहरे पर अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की खुशी दिखाई दी। कई स्थानों पर पौधे और बधाई पत्र देकर परिवारों को सम्मानित किया गया।
किसानों को उन्नत खेती की जानकारी
किसानों की आय और कृषि उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से रांची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ सहित विभिन्न जिलों में कृषि मेले, रबी कार्यशालायें, बीज वितरण और पशुपालन शिविर आयोजित किये गये। इन कार्यक्रमों में किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल, फसल बीमा और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसके साथ ही मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिये झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया। महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन और पोषण वाटिका के महत्व की जानकारी भी दी गई। जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिये 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, किचन गार्डन किट वितरण और महिला समूहों के सम्मान समारोह आयोजित किये गये।
लोकसंस्कृति को मिला मंच
रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल सहित पारंपरिक खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। दूसरी ओर, बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में गीत-संगीत प्रतियोगिताओं के जरिए लोककला और जनजातीय परंपराओं को प्रोत्साहित किया गया। इन आयोजनों ने स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। वहीं, स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जमशेदपुर के बहरागोड़ा में आयोजित मिर्गी जांच शिविर में 30 नये मरीजों को परामर्श और दवा उपलब्ध कराई गई, जबकि 61 पुराने मरीजों की जांच की गई। सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं, लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। चतरा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा सहित अन्य जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी कार्यक्रम आयोजित किये गये।





