Hazaribagh : हजारीबाग में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं और संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिये हजारीबाग पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज करने की तैयारी कर ली है। पुलिस कप्तान ने रविवार को जिले के सभी DSP, SDPO, पुलिस इंस्पेक्टरों और थानेदारों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों से लेकर महिला अपराध, साइबर क्राइम, अवैध खनन और लंबित कांडों के निष्पादन तक कई मुद्दों पर सख्त दिशा-निर्देश दिये गये। पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के नाम पर सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। SP ने सभी थानेदारों और संबंधित अधिकारियों को उच्चस्तरीय बैठक में आवश्यक निर्देश देते हुये क्षेत्र में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। वहीं, संगठित अपराध से जुड़े मामलों में जेल से बाहर आये अभियुक्तों पर विशेष निगरानी रखने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आये अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को भी कहा गया है।
60 दिन का अल्टीमेटम
अपराध समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई। महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। SP ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों को 60 दिनों के भीतर निपटाने का लक्ष्य दिया है। इसके अलावा वर्ष 2026 से पहले के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में हजारीबाग के विभिन्न थानों में कुल 309 कांड दर्ज किए गए। इस दौरान पुलिस ने 471 कांडों का निष्पादन किया। इसके अलावा 651 वारंट और कुर्की का निष्पादन किया गया। प्रशासनिक कार्यों के तहत 1,086 पासपोर्ट और 172 चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
नशे के कारोबार और अवैध खनन पर चलेगा अभियान
अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिये पुलिस को ऐसे स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है, जहां नशे का कारोबार होता है। इसमें शामिल लोगों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाते हुये उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, अवैध कोयला, बालू और पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिये संबंधित अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। SP ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थानों में आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।




