Hazaribagh : हजारीबाग में लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में पुलिस और गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो अपराधियों के घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस कप्तान अमन कुमार समेत अन्य आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को घायल अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिये। मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान दीप नारायण भगत (पदमा, हजारीबाग) और राहुल कुमार उर्फ रॉकी (नगवां, चतरा) के रूप में हुई है।
लगातार फायरिंग की घटनाओं के बाद कार्रवाई
गौरतलब है कि हजारीबाग जिले में पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के अपराधियों द्वारा लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिये जाने की सूचना सामने आ रही थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुये पुलिस ने कार्रवाई तेज की। इसी क्रम में डाटोखुर्द में पुलिस और गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। फिलहाल पुलिस की ओर से मुठभेड़ की विस्तृत परिस्थितियों, गोलीबारी की शुरुआत और घायल अपराधियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।




