Ranchi(Kuldeep Tiwari) : खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से रांची से सटे ओरमांझी प्रखंड परिसर में प्रखंड स्तरीय रबी कार्यशाला-सह-खेत बचाओ अभियान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को रबी फसलों की बेहतर खेती और अधिक उत्पादन के लिये जरूरी जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने रबी मौसम में विभिन्न फसलों की बुआई, उन्नत बीजों के चयन, खाद एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग, सिंचाई और फसल प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। किसानों को समझाया गया कि समय पर बुआई और वैज्ञानिक तरीके से फसलों की देखभाल करने से उत्पादन बेहतर किया जा सकता है।
आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील
कृषि अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेती में सही बीज का चयन, मिट्टी की जरूरत के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल और बेहतर सिंचाई प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। किसानों को उपलब्ध कृषि योजनाओं और तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिये भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यशाला के माध्यम से किसानों को रबी सीजन में वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपनी आमदनी बढ़ाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख अनुपमा देवी, उप प्रमुख रिजवान अंसारी, जिला परिषद सदस्य सरिता देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कामेश्वर बेदिया, मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बडाइक और विधायक प्रतिनिधि हरिमोहन महतो उपस्थित रहे। इसके अलावा दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक रविन्द्र कुमार सिंह, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कुमार रंधीर, भानु प्रताप, गणेशु महतो और सांसद प्रतिनिधि राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में मुखिया, ग्राम प्रधान और किसान कार्यक्रम में शामिल हुये।




