Ranchi : देश की सियासत में असली सवालों पर चुप्पी और संवैधानिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव को लेकर जयप्रकाश जनता दल ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई है, लेकिन केंद्र सरकार का ध्यान इन मुद्दों से हटकर संघीय ढांचे को कमजोर करने में लगा हुआ है। पंकज मिश्र ने कहा कि सरकार को युवाओं की नौकरी और आम आदमी की महंगाई की चिंता करनी चाहिये, लेकिन सत्ता की पूरी ऊर्जा जनता को असली मुद्दों से भटकाने में खर्च हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि IMF की रिपोर्ट के जिस हिस्से में अर्थव्यवस्था मजबूत होने की संभावना जताई गई है, उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है, जबकि डेटा रखरखाव में ‘सी’ ग्रेड मिलने की सच्चाई को दबाया जा रहा है।
राष्ट्रीय सचिव ने साफ कहा कि संविधान के तहत संघीय ढांचे की रक्षा की पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्यों को उनका हक का राजस्व देना केंद्र का दायित्व है। विपरीत हालात में विशेष सहायता देना भी संवैधानिक जिम्मेदारी है। मगर, गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पंकज मिश्र ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि संविधान को रौंदा जा रहा है। लोकतंत्र की परिभाषा अब चुनाव आयोग और ईडी तक सीमित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को खत्म करने की साजिश के तहत SIR का सहारा लिया जा रहा है और बचा-खुचा काम ED से कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में चुनाव के समय ED की सक्रियता देखी जा चुकी है और पश्चिम बंगाल इसका ताजा उदाहरण है। पंकज मिश्र ने केंद्र सरकार से अपील करते हुये कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिक हथकंडों को छोड़कर सरकार को राष्ट्रहित और जनता के मुद्दों पर काम करना चाहिये।












