Chouparan(Krishna Paswan) : बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने झारखंड विधानसभा में बिगहा स्थित राजागढ़ काली मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल घोषित करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या इस पौराणिक स्थल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की कोई योजना है? अगर हां, तो कब तक?
पांच मंदिरों का संगम, सैकड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र
राजागढ़ परिसर में भगवान भोलेनाथ, माता काली, गढ़वाल बाबा, हनुमान मंदिर और महंत फलाहारी बाबा का समाधि स्थल स्थित है। यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है, जहां हर दिन सैकड़ों लोग मन्नत मांगने आते हैं।
मंत्री का जवाब – प्रक्रिया जारी, पर्यटन संवर्धन समिति करेगी विचार
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह स्थल अभी पर्यटक स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं है। जिला पर्यटन संवर्धन परिषद और राज्य पर्यटन संवर्धन समिति की अनुशंसा के बाद ही इसे पर्यटन स्थल का दर्जा दिया जा सकता है। 13 फरवरी 2025 को जिला उपायुक्त को इस प्रस्ताव पर विचार करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
हनुमंत सेवा संस्थान ने जताया आभार
विधानसभा में मामला उठाने पर हनुमंत सेवा संस्थान के सदस्यों आनंद चंद्रवंशी, विजय साव, संजय सिंह, रामचंद्र सिंह, कामदेव प्रजापति, कुमार राहुल, शशि शेखर सहित अन्य ने विधायक मनोज कुमार यादव का आभार प्रकट किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही यह स्थल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।








