Kohramlive : सुबह का वक्त था। घर में सब कुछ सामान्य था। छह साल का प्रणय तेजा खुद स्कूल जाने की जिद कर रहा था। हंसते-खेलते बच्चा अपना स्कूल पहुंच गया। विशाखापत्तनम के वन टाउन इलाके के लिटिल गार्डन स्कूल में छह साल के बच्चे की मौत के बाद सनसनी फैल गई है। परिवार ने इल्जाम लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने बच्चे को डंडे से पीटा, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। खबर है कि स्कूल में क्लासरूम के अंदर प्रणय की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उसे किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गये। परिजनों ने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने प्रणय की डंडे से पिटाई की थी। परिवार के मुताबिक, पिटाई के बाद बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और उसकी हालत बिगड़ गई। हालांकि, बच्चे की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार है।
‘पापा, मुझे स्कूल जाना है…’
प्रणय के पिता के मुताबिक, गुरुवार सुबह बच्चा बिल्कुल ठीक था। सुबह करीब 8 बजे वह उठा और खुद स्कूल जाने की जिद करने लगा। पिता ने मीडिया को बताया कि परीक्षाएं नजदीक होने के कारण उन्होंने भी उसे स्कूल भेज दिया। उन्हें क्या पता था कि यह स्कूल के लिये उसके जीवन का आखिरी सफर होगा। परिवार का कहना है कि स्कूल की ओर से उन्हें सीधे कोई फोन नहीं किया गया। पिता के मुताबिक, बाद में उनके जीजाजी के घर के पास काम करने वाले स्थानीय रसोइयों ने फोन कर बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तब उन्हें बताया गया कि प्रणय की मौत हो चुकी है। पिता का दावा है कि डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि अस्पताल पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले ही बच्चे की मौत हो गई थी।








