Palamu : पलामू का नावाबाजार इलाका बुधवार की सुबह दहशत और रहस्य से भर उठा। राजदरिया के सुनसान जंगल की झाड़ियों से एक अज्ञात युवती की लाश मिली। इस बात की फैली खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मंजर दिल दहला देने वाला था, लड़की का एक पैर लोहे की जंजीर से बंधा हुआ था। चेहरे और शरीर पर गहरे जख्मों के निशान थे। थानेदार संजय कुमार यादव ने मीडिया को बताया कि लड़की की हत्या कर शव जंगल में फेंका गया है। पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। 72 घंटे तक शव सुरक्षित रहेगा, पहचान न होने पर अंतिम संस्कार कर दिया जायेगा।
आर्केस्ट्रा कनेक्शन पर उठे सवाल
राजदरिया का इलाका पहले से ही आर्केस्ट्रा और उसके विवादों के लिये कुख्यात रहा है। ग्रामीणों में चर्चा है कि यह वारदात कहीं फिर उसी दुनिया से तो जुड़ी नहीं? पहले भी कई लड़कियों की मौत और आर्केस्ट्रा कलाकारों के नाम इन जंगलों से जुड़ चुके हैं। शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैली। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर उमड़ पड़े। हर चेहरा डरा हुआ था और हर नजर यही पूछ रही थी, “कौन थी वो लड़की, किसके गुनाह की शिकार बनी?”








