Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में मैट्रिक परीक्षा पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ हो रही है। गढ़वा के DC शेखर जमुआर ने कहा कि परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ अफवाहें फैलाने की बातें सामने आई हैं, जिनकी जांच कर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। परीक्षा से संबंधित प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका को सुरक्षा मानकों के तहत कोषागार एवं बैंक के बज्रगृह में रखा गया है, जहां 24*7 CCTV निगरानी और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा है। वहीं, कड़े पहरे में प्रश्न-पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाता है और परीक्षा समाप्ति के बाद पुनः उन्हें सुरक्षित कोषागार में जमा किया जाता है।
DC ने बताया कि गढ़वा में साइबर सेल पूरी तरह एक्टिव है। वहीं, सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी की जा रही है। साइबर सेल गढ़वा का कंट्रोल रूम नंबर 7643984021 है, जहां अफवाहों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पेपर लीक की अफवाह फैलाना एक गंभीर अपराध है, जिसके लिये भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और कोई भी संदिग्ध जानकारी प्राप्त होने पर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष या प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें। प्रशासनिक सख्ती के कारण परीक्षा निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से हो रही है।






