Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा समाहरणालय सभागार फरियादियों से खचाखच भरा था। कोई पेंशन न मिलने की शिकायत लिये आया था, तो कोई धान अधिप्राप्ति में धांधली का दर्द सुनाने। DC दिनेश यादव ने सभी की समस्यायें सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि “जनता दरबार का मकसद यही है कि आमजन की तकलीफ बिना देर के दूर हो।” DC ने बताया कि जिले और प्रखंड स्तर पर मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार होगा। यहां लोग सीधे प्रशासन के सामने अपनी बात रख सकते हैं और त्वरित समाधान पा सकते हैं। आज के दरबार में सबसे ज्यादा मामले राशन वितरण, पेंशन, आवास, भूमि विवाद और मजदूरी भुगतान से जुड़े रहे।
धान अधिप्राप्ति में धांधली : कांडी प्रखंड के हरिहरपुर निवासी गणेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्होंने पैक्स में 235 क्विंटल धान जमा किया था, लेकिन भुगतान केवल 190 क्विंटल का हुआ। DC ने तुरंत जांच और भुगतान की कार्रवाई का आदेश दिया। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का विलंब : सदर प्रखंड निवासी रामेश्वर प्रसाद सोनी ने अपनी शिकायत रखी। DC ने संबंधित अधिकारी को नाम जुड़वाने का निर्देश दिया। जन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी : रमना प्रखंड के जोगीराल कला गांव की महिलाओं ने बताया कि उनकी समूह की दुकान किसी और के जरिये चल रही है। राशन भी सही नहीं मिल रहा। DC ने जांच के निर्देश दिये। बीज वितरण में अनियमितता : लवाहीकला और तेनार पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि आवंटन मिलने के बावजूद बीज उपलब्ध नहीं कराये गये। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लंबित भुगतान : टंडवा की महिलाओं ने कहा कि पिछले 3–4 माह से उन्हें राशि नहीं मिली। DC ने सामाजिक सुरक्षा विभाग को त्वरित जांच का आदेश दिया।
इसे भी पढ़े : झारखंड में BJP का अहम फैसला, आदित्य साहू को मिली बड़ी जिम्मेदारी
इसे भी पढ़े:झारखंड के इन जिलों में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट










