Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग समाहरणालय में लगे जनता दरबार में आये फरियादी-दुखियारी की बातों को देखा-सुना गया। किस्म-किस्म का दुखड़ा सामने आया। हजारीबाग की DC नैंसी सहाय ने हर किसी की परेशानी को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों को अविलंब इस दिशा में पहल कर समय पर फरियादी का कष्ट दूर करने का आदेश दिया। जनता दरबार में कुछ लोगों ने ऑनलाइन रसीद निर्गत करने और जहां-तहां रास्ते में बने खुले नालों पर स्लैब लगाने का आग्रह किया।
विष्णुगढ़ के राजेश्वर महतो धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान जमा नहीं लेने के बारे में बताया। वहीं, ओकनी में रहनेवाली मालती कुमारी ने अपनी जमीन का बंदोबस्ती कराने को लेकर आवेदन दिया। हजारीबाग के सिंदूर में रहनेवाले विनोद कुमार ने दाखिल खारिज को रोके जाने के संबंध में और बरकट्ठा निवासी भातु महतो ने अधिकृत भूमि का मुआवजा भुगतान कराने का आग्रह किया। इसी तरह हरहद के मो. कौशिक आलम अपनी जमीन को दूसरे लोगों के द्वारा गलत तरीके से बेचे जाने की शिकायत की। आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से रोजगार, जमीन संबंधी, जमीन दाखिल खारिज, जमीन हड़पने, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन जैसे कई आवेदन आये।








