Garhwa(Nityanand Dubey) : सरकारी कुर्सी पर बैठकर मनमानी अब नहीं चलेगी। कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के खिलाफ गढ़वा के DC दिनेश कुमार यादव एक्शन मोड में हैं। DC ने चिनियां अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक विनोद कुमार रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खबर है कि चिनियां निवासी राकेश यादव ने उपायुक्त से मिलकर लिखित शिकायत दी थी। शिकायत पत्र में इस बात का जिक्र किया गया था कि पैतृक जमीन की रसीद कटवाने के लिए 4 महीने से चक्कर लगा रहे, कागजात जमा होने के बावजूद आनाकानी और धमकी मिली। मामला था हल्का संख्या-06 का। शिकायत मिलते ही DC ने मौके पर जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि कर्मचारी दफ्तर से गायब है, लेकिन हाजिरी रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर मौजूद है। फोन, संदेश, तलाश सब बेकार गई।
DC दिनेश कुमार यादव ने इसे घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं सरकारी सेवक आचार नियमावली का खुला उल्लंघन माना। झारखंड सरकारी सेवक (CCA) नियमावली 2016 के तहत विनोद कुमार रंजन को सस्पेंड कर दिया गया। निलंबन की अवधि में विनोद कुमार रंजन का नया मुख्यालय अंचल कार्यालय, भवनाथपुर होगा। वहीं, विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। DC ने कहा कि सरकारी योजनाओं में अनियमितता, काम में लापरवाही और गलत कार्यशैली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दोषी पाये गये लोगों पर कठोर कार्रवाई तय है।




