Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में DC सह दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बुधवार को गढ़वा के तीन CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का औचक निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं की उपस्थिति, लैब उपयोग, साफ-सफाई और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
बालिका उच्च विद्यालय में बच्चों को पढ़ाया पाठ
निरीक्षण की शुरुआत बालिका उच्च विद्यालय, गढ़वा से करते हुये DC ने खुद छात्रों को एक पाठ पढ़ाया और शिक्षण पद्धति परख़ी। कंप्यूटर एवं साइंस लैब देखकर वे नाराज दिखे — प्रयोगात्मक गतिविधियों की कमी पर स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
रामा साहू +2 उच्च विद्यालय में लैब पड़ा निष्क्रिय
अगले पड़ाव रामा साहू +2 उच्च विद्यालय में भी विज्ञान प्रयोगशाला के सीमित उपयोग पर DC ने नाराजगी जताई और कहा कि छात्रों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाया जाए। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बढ़ी भीड़
निरीक्षण के क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में झारखंड बालिका विद्यालय डांडा की छात्राओं के भी पढ़ने से कक्षायें अत्यधिक भीड़भाड़ वाली मिलीं। DC ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि डांडा स्कूल भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कर छात्राओं को वहां शिफ्ट कराया जाये। छात्रावास साफ मिला, लेकिन नई यूनिट का अधिग्रहण लंबित रहने से छात्र संख्या ज्यादा थी — इसे जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया।
शिक्षकों को निर्देश – कस्तूरबा मॉडल अपनाएं
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त यादव ने बालिका उच्च विद्यालय एवं रामा साहू विद्यालय के शिक्षकों से कहा कि वे कस्तूरबा विद्यालय की बेहतर व्यवस्थाओं को अपने‐अपने स्कूलों में लागू करें ताकि सभी संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके।














