Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण प्रखंड के उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, दनुआ में नशा मुक्ति अभियान को लेकर एक प्रेरणादायक पहल की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रतन कुमार वर्मा के नेतृत्व में वर्ग 9वीं और 10वीं की छात्राओं ने रंग-बिरंगे पोस्टरों और चित्रों के माध्यम से समाज को “नशा मुक्त जीवन” का सशक्त संदेश दिया। इस अभियान की विशेष बात यह रही कि छात्राओं ने खुद पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेकर यह दिखाया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून से नहीं, बातों, रंगों और विचारों से भी लड़ी जा सकती है। छात्राओं द्वारा बनाये गये पोस्टरों में “नशा छोड़ो , जीवन जोड़ो”, “नशा विनाश की ओर पहला कदम है” जैसे संदेशों के साथ जीवंत चित्रण किया गया। पोस्टरों में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, युवाओं का भविष्य बर्बाद होने की आशंका और नशा मुक्त समाज की सुंदर कल्पना को बेहद संजीदगी से उकेरा गया। हजारीबाग के DC शशि प्रकाश सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुये इसे सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि “छात्राओं की यह रचनात्मक पहल निश्चित रूप से समाज में नशा उन्मूलन की दिशा में एक मजबूत कदम है।”
प्रधानाध्यापक रतन कुमार वर्मा ने कहा, “हमारे बच्चे और युवा हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। नशा उन्हें खोखला करता है। यह पहल न सिर्फ बच्चों को जागरूक करेगी, बल्कि वे अपने घरों, मोहल्लों और समाज में भी नशे के खिलाफ संदेश फैलायेंगे।” छात्राओं ने साफ कहा, “हमें नशा नहीं चाहिये, हमें सपना चाहिये, भविष्य चाहिये, जीवन चाहिये।” कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों ने बच्चों के कार्य की सराहना करते हुये कहा कि विद्यालय सिर्फ शिक्षा नहीं, जीवन के मूल्य भी सिखाता है।













