Ranchi : झारखंड की फिजा में जहर घोलने वाले गैंगस्टरों के उठते फन को कुचलने का पुलिस को खुली छूट दी गई है। बेशक, चाहे जेल के अंदर हो या बाहर, उनको खोज-खोज कर सबक सिखाने और सही जगह यानी काल-कोठरी तक पहुंचाने का हुक्म दिया गया है। संगठित आपराधिक गिरोह के खात्मा की दिशा में ताबड़तोड़ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। अमन-चैन और सुकून में खुरेंच लगाने और गुंडई करने को किसी भी हालत में बख्शने को नहीं कहा गया है, चाहे वह कोई हो। गुंडा एक्ट लगाकर सलाखों में डालने को कहा गया है। जेल में बंद बड़े अपराधियों के मामले को स्पीड ट्रायल करा उसे जल्द सजा दिलाने पर फोकस करने को कहा गया। सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आदेश दिया गया है। जेल के अंदर से चल रही हुकूमत पर भी लगाम लगाने को कहा गया है। यह कहना है झारखंड के DGP अजय कुमार सिंह का। मौका था आज पुलिस मुख्यालय में आयोजित हाई लेवल मीटिंग का। इस मीटिंग में SP, SSP, DIG, IG, ADG और DG स्तर के अधिकारियों को बुलाया गया है।
ATS के DSP और पतरातू के दारोगा को गैंगस्टर अमन साहू गैंग के शूटर बॉबी द्वारा गोली मारे जाने की वारदात को पुलिस मुख्यालय ने काफी गंभीरता से लिया है। हिमाकत दिखाने वाले छोटे-बड़े गुंडों के बढ़ते मनोबल को तोड़ कर रख देने को कहा गया है। मीटिंग के बाद DGP अजय कुमार सिंह ने कहा कि आज की मीटिंग में क्राइम कंट्रोल और उसकी रोकथाम पर फोकस दिया गया। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर बेरोजगार युवकों को लोभ देकर उन्हें हथियार थमा क्राइम करवा रहे हैं, भटकाव के रास्ते में आ गये युवकों को भी सही दिशा दिखाई जायेगी। मीटिंग में CID के DG अनुराग गुप्ता, ADG अभियान संजय आनंद राव लाठकर, ADG रेल टी कंडास्वामी,IG अभियान अमोल वेणुकांत होमकर, IG मनोज कौशिक, IG प्रभात कुमार, IG पंकज कंबोज, IG असीम विक्रांत मिंज, पलामू रेंज के IG राजकुमार लकड़ा, हजारीबाग के DIG नरेंद्र कुमार, दुमका के DIG सुदर्शन प्रसाद मंडल, रांची प्रक्षेत्र के DIG अनूप बिरथरे, बोकारो के DIG मयूर पटेल कन्हैलाल, कोल्हान के DIG अजय लिंडा एवं सभी जिलों के SSP और SP मौजूद थे।
सुनें क्या बोले DGP अजय कुमार सिंह…
इसे भी पढ़ें : विकास की नई रूपरेखा तय करेगा सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन : मुख्य सचिव
इसे भी पढ़ें : चुनौतियों के बीच राज्य के विकास को दे रहे गति : सीएम हेमंत सोरेन















