Ranchi : सड़क पर आपने बड़े-बड़े ट्रक और ट्रेलर तो खूब देखे होंगे, लेकिन अगर एक वाहन में 308 पहिये लगे हों, तो नजरें ठहरना लाजिमी है। रांची के नगड़ी टोल नाके के पास इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। विशालकाय ट्रेलर पिछले तीन दिनों से नगड़ी में खड़ा है और राह चलते लोग इसे देखकर ठिठक जा रहे हैं। ट्रेलर के आकार और उस पर लदी भारी मशीन ने इसे इलाके में चर्चा का केंद्र बना दिया है। नगड़ी में खड़े इस विशाल ट्रेलर को देखने के लिये आसपास के लोग भी पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
पारादीप से शुरू हुआ सफर, मंजिल उत्तर प्रदेश
खबर है कि यह कोई आम ट्रेलर नहीं बल्कि स्पेशल हैवी-लोड ट्रेलर है। इस पर एक भारी-भरकम मशीन लदी हुई है, जिसे ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल तक पहुंचाया जा रहा है। चालक दल के मुताबिक, इस असाधारण सफर की शुरुआत करीब दो महीने पहले हुई थी। मशीन का वजन और पूरे वाहन का विशाल आकार ऐसा है कि इसे सामान्य ट्रकों की रफ्तार से चलाना संभव नहीं। इसलिये यह काफिला बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है और रास्ते में कई जगहों पर रुककर परिस्थितियों के अनुकूल होने का इंतजार भी करना पड़ रहा है। नगड़ी में ट्रेलर के रुकने की वजह सिर्फ उसकी विशालता नहीं है। आगे पिस्का रेलवे फाटक के पास एक बड़ी तकनीकी अड़चन सामने आई है। यहां रेलवे का ओवरहेड बैरिकेड और हाई-टेंशन बिजली की तारें मौजूद हैं। इतने ऊंचे ट्रेलर और उस पर लदी मशीन को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिये रेलवे से जरूरी क्लियरेंस की आवश्यकता है। फिलहाल इसी मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद ही यह ‘पहियों का पहाड़’ आगे बढ़ सकेगा।
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल के लिए विशालकाय मशीन ले जा रहा 308 चक्कों वाला ट्रेलर ट्रक रांची के नगड़ी टोल नाके के पास कौतूहल का विषय बना हुआ है। रेलवे क्लियरेंस न मिलने के कारण यह विशाल वाहन पिछले तीन दिनों से रुका हुआ है।#RanchiJumboTruck pic.twitter.com/epuCZ5Q0Oo
— NBT Bihar (@NBTBihar) August 29, 2026







