Kohramlive : हरियाणा के भिवानी की टीचर मनीषा की हत्या ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जो सच खोला, उसने दिल दहला दिया — आंखें गायब, गला लगभग अलग, कई अंग लापता… मानो किसी ने दरिंदगी की पराकाष्ठा लिख दी हो। वारदात को 5 दिन बीत चुके हैं, पर आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है। भिवानी, दादरी और हिसार की गलियों में उबाल है। लोग सड़कों पर डटे हैं, शव का अंतिम संस्कार तक टल गया है। रिपोर्ट के मुताबिक दुष्कर्म हुआ या नहीं, यह अभी साफ नहीं। 10 अलग-अलग सैंपल जांच के लिए भेजे गये हैं। वकील कहते हैं कि सच सामने आने तक इंतज़ार करना होगा। दिल्ली-पिलानी हाईवे पर बार-बार जाम, एंबुलेंस तक रोक दी गई। जूई में पूरा बाजार बंद रहा। बहल से लोहारू तक कैंडल मार्च निकला। युवाओं के हाथों में मोमबत्तियां थीं और दिलों में आग – “मनीषा को न्याय दो”।
पुलिस पर कार्रवाई
SP से लेकर दस पुलिसकर्मियों तक पर गाज गिरी, मगर लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। ग्रामीणों ने 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया “गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़कें फिर थमेंगी।”
यहां याद दिला दें कि ढाणी लक्ष्मण की 19 साल की मासूम शिक्षिका मनीषा 11 अगस्त की दोपहर बाद अचानक लापता हो गई थी। दो दिन बाद 13 अगस्त की सुबह उसका शव सिंघानी नहर के पास बाजरे के खेत में मिला। मनीषा अब सिर्फ गांव सिंघानी की बेटी नहीं रही, वह हर मां-बाप की लाड़ली, हर बहन की इज़्ज़त और हर युवती की सुरक्षा का सवाल बन चुकी है।












