Ranchi : जयप्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि CM नीतीश कुमार का ट्रैक रिकॉर्ड बेदाग हो सकता है, लेकिन उनके नाक के नीचे भ्रष्टाचार लगातार होता रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री को कुछ पता नहीं था या सब उनकी सहमति से हो रहा था। ग्रामीण कार्य और स्वास्थ्य मंत्रालय के अशोक चौधरी और मंगल पांडेय के व्यक्तिगत भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। जल संसाधन, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की आशंका है। जयप्रकाश जनता दल ने CM से भ्रष्टाचार पर बिंदुवार जवाब देने और शामिल दोनों मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
पंकज मिश्र ने कहा कि चुनाव के समय नई योजनाओं की घोषणा वोट खरीदने की रणनीति के रूप में देखी जा रही है।सरकार 20 वर्षों से सत्ता में है, फिर अचानक चुनाव आते ही हजारों करोड़ की योजनायें जनता के खाते में भेजी जा रही हैं। मिश्र ने कहा कि नीतीश कुमार लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन की उपज हैं। ऐसे में उनका लोकनायक जी के आदर्शों का पालन करना और भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाना उनकी जिम्मेदारी है। जयप्रकाश जनता दल ने साफ किया कि वे सभी पहलुओं पर नजर रखेंगे। आने वाले दिनों में पार्टी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी रहेगी और भ्रष्टाचार एवं ग़लत नीतियों के खिलाफ आवाज उठायेगी।










