Kohramlive : लुधियाना के सलेम टाबरी थाना क्षेत्र में ऐसा मंजर सामने आया, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। जालंधर बाईपास के पास एक खाली प्लॉट में युवक दविंदर कुमार की तीन टुकड़ों में कटी लाश मिली। कुछ दूरी पर रखा ड्रम से उसका सिर मिला। तस्वीर इतनी भयावह थी कि लोग सन्न रह गये। सुबह गुजर रहे एक राहगीर की नजर जब खून से सने टुकड़ों पर पड़ी, तो उसने शोर मचा दिया। मौके पर भीड़ जुटी और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सलेम टाबरी पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को सील किया गया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई। मृतक की पहचान दविंदर कुमार के रूप में हुई। वह बुनाई का काम करता था। कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में मुंबई से लुधियाना लौटा था। उसके लापता होने की शिकायत पहले से दर्ज थी। परिवार का इल्जाम है कि दविंदर की हत्या में उसके एक दोस्त का हाथ हो सकता है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है।
![]()










