Ranchi : झारखंड में मौसम ने अभी पूरी तरह राहत देने का मन नहीं बनाया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही राज्य में एक बार फिर ठंड और घने कोहरे का असर बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे सुबह और रात की ठंड लोगों को चुभने लगेगी।
गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर सफर जोखिम भरा हो सकता है। वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।बुधवार को तापमान के आंकड़े भी मौसम के बदले मिजाज की गवाही देते दिखे। कांके और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जबकि रांची, धनबाद और मेदिनीनगर में सुबह-शाम ठंड का असर साफ महसूस हुआ। धनबाद में आने वाले दिनों में रात की ठंड और बढ़ने के संकेत हैं, हालांकि दिन में धूप राहत देती रहेगी। सुबह पांच से आठ बजे तक छाया घना कोहरा ऑफिस जाने वालों के लिए मुसीबत बना रह सकता है।






