Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा SDM संजय कुमार की पहल पर आयोजित नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद SDM” की ताजा कड़ी में इस बार निर्वाचन से जुड़े विषयों और स्थानीय विकास संबंधी मुद्दों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से खुली चर्चा हुई। इस संवादात्मक बैठक में 6 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, आजसू, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आमंत्रण सभी 9 मान्यता प्राप्त दलों को भेजा गया था, लेकिन तीन दल अनुपस्थित रहे।
मतदाता सूची व बीएलए की नियुक्ति पर रहा ज़ोर
बैठक का मुख्य फोकस मतदाता सूची के शुद्धिकरण, आगामी गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति पर रहा। SDM संजय कुमार, जो निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी हैं, उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि वे 455 मतदान केंद्रों पर अपने BLA की जल्द नियुक्ति करें। उन्होंने बीएलए की योग्यता, प्रक्रिया और प्रतिस्थापन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की और आवश्यक प्रपत्र भी प्रदान किये।
समसामयिक मुद्दों पर रखे गये सुझाव
बैठक में प्रतिनिधियों ने डीजे प्रतिबंध, अवैध बालू उठाव, शहरी कचरा निस्तारण, साफ-सफाई और अवैध शराब पर नियंत्रण जैसे जनहित मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने एसडीएम द्वारा हाल के दिनों में किये गये सामाजिक हित के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और निरंतर सहयोग का आश्वासन भी दिया। SDM संजय कुमार ने सभी प्रतिनिधियों को धन्यवाद देते हुये कहा “कॉफी विद एसडीएम में मिले सुझावों पर निश्चित ही त्वरित कार्रवाई की जायेगी। यह संवाद सिर्फ एक बैठक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दल समय-समय पर क्षेत्रीय फीडबैक देकर प्रशासन को जन अपेक्षाओं से अवगत कराते रहें।” बैठक में जिन प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी, उनमें ओबेदुल्ला अंसारी, तनवीर आलम, विवेकानंद तिवारी, मनोज कुमार ठाकुर, शरीफ अंसारी, शंकर प्रताप विश्वकर्मा, ज्ञानी राम और कामाख्या नारायण सिंह शामिल रहे।






