UP : श्रावण मास में लाखों कांवड़ यात्रियों की आवाजाही को लेकर CM योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक अहम बैठक की। उन्होंने साफ कहा “कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण माहौल में पूरा हो यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” CM ने प्रशासन को सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ ड्यूटी निभाने की हिदायत दी। CM ने सख्त शब्दों में कहा “यात्रा में खलल डालने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं होगी।” CM योगी ने कहा कांवड़ियों को जरूरी सूचनाएं पब्लिक एड्रेस सिस्टम से दी जायें। वहीं, शिव भजनों का प्रसारण हो, जिससे भक्ति का माहौल बना रहे। CM ने प्रमुख स्थानों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को विशेष स्वागत अनुभव मिले। वहीं, सभी रूट पर चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश भी दिये। खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग को भी सख्त हिदायत दी गई कि यात्रा मार्गों पर मिलने वाले खाने की नियमित जांच हो, ताकि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो। CM योगी की अपील की है कि श्रद्धालु अनुशासन, मर्यादा और भक्ति भाव से यात्रा करें, पवित्र नदियों से जल लेकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करें और प्रशासन से सहयोग बनाये रखें।
महिला श्रद्धालुओं के लिये विशेष तैयारी
- यात्रा मार्गों पर महिला पुलिस बल की प्रभावी तैनाती
- साफ-सफाई, चिकित्सा, पेयजल, भोजनालय, शौचालय जैसी सुविधाओं की सघन व्यवस्था
- संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन और CCTV से निगरानी
- खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश








