UP : सियासत की दुनिया में लाखों लोगों के सामने अपनी भावनाओं पर काबू रखने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक बेटे के रूप में नजर आये। चेहरे पर गहरी उदासी, आंखों में मां को खोने का दर्द और मन में जीवनभर साथ रहने वाली यादें, मां के अंतिम दर्शन के दौरान CM योगी खुद को संभाल नहीं सके। मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को देखते ही उनकी आंखें भर आईं। जिस मां की गोद में बचपन बीता, जिसकी ममता और आशीर्वाद ने जीवन को संबल दिया, आज उसी मां को अंतिम विदाई देने की घड़ी थी। CM योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने स्वयं मां की अर्थी को कंधा दिया। शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिये रवाना हुई। हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रातभर पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे CM योगी
मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिलने के बाद CM योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। वहां मां के अंतिम दर्शन करते समय वह बेहद भावुक हो गये। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाये और कुछ देर तक उनके पास खड़े होकर एकटक निहारते रहे। इस दौरान उन्होंने परिजनों और मां की देखभाल करने वालों से उनके अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। बताया गया कि योगी आदित्यनाथ रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। शनिवार सुबह जब मां की अंतिम यात्रा की तैयारी हुई, तो उन्होंने स्वयं अर्थी को कंधा देकर बेटे का फर्ज निभाया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।
लंबे समय से चल रही थीं बीमार
CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। वह 89 वर्ष की थीं। सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। पिछले तीन वर्षों में उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश और दूसरी बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों ही मौकों पर CM योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। बीती 7 मई को भी योगी पंचूर गांव गये थे। 8 मई को वापस लौटने से पहले उन्होंने मां से मुलाकात की थी। CM योगी आदित्यनाथ के जीवन में यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। उस समय देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था। लॉकडाउन और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के कारण योगी आदित्यनाथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। अब मां के निधन ने उनके जीवन में एक और गहरा खालीपन छोड़ दिया है। गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित हुई। सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। मां का निधन परिवार के लिये अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के साथ हैं।




