Bihar : भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। मृतक के परिजनों ने पटना में CM सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में मृतक की मां आशा देवी, बहन रूबी पांडेय, भाभी सुमन तिवारी समेत अन्य परिजन शामिल थे। CM से मुलाकात के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुये जगदीशपुर के SDO संजीत कुमार को पद से हटा दिया। वहीं, कथित मुठभेड़ में शामिल DSP राजेश कुमार शर्मा की वर्तमान तैनाती रद्द कर उन्हें वेटिंग फॉर पोस्टिंग में भेज दिया गया।
17 जून को हुई थी मुठभेड़
गौरतलब है कि 17 जून 2026 को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस और STF की कार्रवाई में भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। परिजन शुरू से ही इसे फर्जी मुठभेड़ बताते हुये न्यायिक जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुये लिखा, “स्वर्गीय भरत तिवारी जी के परिवार को न्याय मिलेगा।”






