Bihar : बिहार की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा कई मायनों में खास रहा। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मिले। उनसे बिहार के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन हुआ। CM सम्राट चौधरी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े से भी मिले। CM ने कहा कि तावड़े का कुशल संगठनात्मक नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सुखद एवं ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगा।बांकीपुर उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला दिल्ली दौरा बताया जा रहा है। शुक्रवार को कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक हुई, जिसमें बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे।
बजट से लेकर भारत-नेपाल जल परियोजनाओं तक चर्चा
CM सम्राट चौधरी ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुये बताया कि बिहार के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रमुख रूप से भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाएं, बजट से जुड़े विषय, बिहार में पर्यटन का विकास एवं बिहार के हित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे पर विचार-विमर्श हुआ। CM ने कहा कि बिहार के विकास, समृद्धि और जनहित से जुड़े विषयों को केंद्र के सामने मजबूती से रखने और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही।
खाली खजाने के बीच केंद्र से उम्मीदों की नजर
बिहार सरकार के सामने फिलहाल विकास योजनाओं के लिये पर्याप्त धन की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती मानी जा रही है। कई योजनाओं की रफ्तार वित्तीय संसाधनों की कमी से प्रभावित होने की बात सामने आती रही है। ऐसे में केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ मुख्यमंत्री की बैठक को लेकर सबसे ज्यादा निगाहें बजट और केंद्रीय सहायता से जुड़े मुद्दों पर टिकी हैं। बिहार में बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स प्रस्तावित हैं। कोसी-मेची नदी जोड़ योजना में राज्य सरकार को भी बड़ी हिस्सेदारी वहन करनी है। इसके अलावा कई एक्सप्रेसवे और अन्य विकास परियोजनाओं पर भी काम होना है। हालांकि बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्र से कितनी अतिरिक्त राशि मांगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।








